पाकबड़ा। मुरादाबाद-रामपुर बाईपास पर उमरी सब्जीपुर गांव के पास मंगलवार दोपहर परचून के सामान से भरे एक ट्रक में आग लग गई। इससे पहले कि चालक मदद के लिए किसी को बुलाता, ट्रक धू-धूकर जल उठा। पूरा सामान राख हो गया। हादसे से हाईवे पर अफरातफरी मच गई। दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक दिया गया, एक घंटे तक जाम लगा रहा। काफी देर बाद आग पर काबू पाया गया। पास ही दो पेट्रोल पंप होने से लोग भयभीत थे।
बदायूं जिले के मोहल्ला बरामपुर निवासी ट्रक चालक पप्पू गुप्ता पुत्र सतीश अपने साथी चालक जितेंद्र शर्मा के साथ ट्रक में परचून का सामान भरकर दिल्ली से पीलीभीत के लिए चले थे। पाकबड़ा जीरो प्वाइंट से आगे बाईपास पर पप्पू ने ट्रक को उमरी सब्जीपुर गांव के पास रोक लिया और लघुशंका के लिए ट्रक के पीछे आ गया। तभी उसने देखा की ट्रक में भरे परचून के सामान से धुआं निकल रहा है। तुरंत वह दौड़कर पास ही मौजूद पेट्रोल पंप पर पहुंचा और वहां से कंट्रोल रूम व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। तभी पूरा ट्रक आग का गोला बन गया।
पाकबड़ा और मझोला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद फायर बिग्रेड की गाड़ी भी आई। एहतियातन दोनों तरफ के वाहनों को रोक दिया गया। करीब एक घंटे के बाद फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह से जलकर राख हो गया था। आग कैसे लगी? इसका पता नहीं चल सका है। लेकिन ट्रक से उठ रही लपटों से अफरातफरी मच गई। पेट्रोल पंप के कर्मचारी भी बाहर निकल आए। किसी तरह फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया। गांवों के भी तमाम लोग मौके पर जुट गए। उन्होंने भी आग बुझाने में काफी मदद की।
--
परचून के बीच कहीं माचिस तो नहीं
आग कैसे लगी? न तो पुलिसकर्मी और न ही अग्निशमन विभाग के लोग कुछ बता पाए। लेकिन अंदाजा लगाया जा रहा है कि परचून के सामान के बीच कोई ज्वलनशील वस्तु भी थी। भीषण गर्मी में रगड़ से संभवत: वह जल उठी और धुआं उठने लगा। माना जा रहा है कि परचून के सामान में यह ज्वलनशील वस्तु माचिस के पैकेट हो सकते हैं। हालांकि ड्राइवर ने किसी जानकारी से इंकार किया।