मुरादाबाद। बिहार के मोतिहारी जिले में तैनात सिपाही हरमेश सिंह (55) को जहरखुरानों ने ट्रेन में चाय पिलाकर लूट लिया। नगदी, बैग, मोबाइल आदि सामान गायब था। सिपाही छुट्टी लेकर अपने घर अंबाला जा रहे थे। जीआरपी ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
होश में आने पर हरमेश सिंह पुत्र रामस्वरूप ने बताया कि वह मोतिहारी जिले में तैनात हैं। चुनाव खत्म होने के बाद अब छुट्टी मिली थी। लिहाजा अपने घर अंबाला जा रहे थे। सुबह जब ट्रेन रामपुर के पास पहुंची तो उन्होंने चाय पी। इसके बाद से उन्हें कुछ याद नहीं। साथी यात्रियों की सूचना पर जीआरपी ने मुरादाबाद में उन्हें उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जेब से 3500 रुपये, मोबाइल गायब था। माना जा रहा है कि उनका कपड़ों का बैग ट्रेन में ही छूट गया।
--