मुरादाबाद (ब्यूरो)। कटघर शिवपुरी की आयल फर्म में डकैती मामले में कप्तान ने दस दिन बाद कार्रवाई की। लापरवाही बरतने में चौकी इंचार्ज लाजपतनगर सिद्धार्थ तोमर को हटा दिया गया। उन्हें कुंदरकी भेजा गया है। हालांकि एसएसपी ने स्थानांतरण का आदेश काफी पहले ही टाइप करवा लिया था।
बाइस लाख की डकैती में पुलिस ने पहले फर्म मालिक को ही फंसाने की साजिश रची थी। कप्तान को भी पूरी फर्जी कहानी सुना दी गई थी। लेकिन बाद में मामला खुल गया। जांच प्रभावित न हो, इस वजह से एसएसपी ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की। लेकिन शुक्रवार को चौकी इंचार्ज को हटा दिया गया। यही नहीं, बताया जा रहा है कि सपा नेता ने भी चौकी इंचार्ज की शिकायत की थी। उधर, मामले में पुलिस ने पुराने चौकीदार से पूछताछ के बाद तीन लोगों को पकड़ा है। जल्द मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
--