मुरादाबाद। बुधवार को वाणिज्य कर की स्पेशल इनवेस्टिगेशन विंग (एसआईबी) ने शहर में सरिया बेचने वाली दुकानों का सर्वे किया। चार दुकानों के सर्वे के दौरान पांच करोड़ से ज्यादा का कर अपवंचन पकड़ में आया। सेल-परचेज से संबंधित कच्चे बिलों को टीम ने कब्जे में ले लिया है।
बुधवार को एसआईबी इंचार्ज अंबरीश कुमार, असिस्टेंट कमिश्नर बृजेश कुमार, विक्रम अजीत ने टीम के साथ सर्वे किया। गुलाबबाड़ी की रजत एंड कंपनी, किसान सीमेंट स्टोर, सर सैय्यद नगर में मुरादाबाद स्टील स्टोर, पीर का बाजार स्थित एसके आयरन स्टोर का सर्वे किया गया। इन दुकानों पर सरिया की खरीद से संबंधित सेल परचेज का रिकार्ड ही नहीं मिला। इतना ही सीमेंट की बिक्री में भी बिल नहीं दिए जा रहे थे। स्टाक व कागजातों का मिलान किया गया तो भारी हेरफेर मिला। एडिशनल कमिश्नर ग्रेड टू आरडी श्रीवास्तव ने बताया कि पांच करोड़ के कर अपवंचन की आशंका है। स्टाक का मिलान कर सारा रिकार्ड सीज कर दिया गया है। चारों फर्मों को नोटिस जारी किए गए हैं।