मुरादाबाद। कटघर के रफतपुरा गांव में रविवार रात दो पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। मारपीट के बाद हवाई फायरिंग भी हुई। इससे हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों से चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने आ गई। सुबह उनका चालान कर जेल भेज दिया गया।
रफतपुरा गांव में रात करीब 11 बजे एक पक्ष की युवती अपने घर की छत पर खड़ी थी। तभी कुछ दूरी पर रहने वाले दूसरे पक्ष के युवक ने उस पर टार्च से रोशनी मारी। युवती ने इस बात की शिकायत अपने परिजनों से की तो वह आग बबूला हो गए। तुरंत युवक के घर गए। लेकिन उस वक्त लोगों ने मामला शांत करा दिया। लेकिन एक बजे के बाद फिर बात बढ़ गई। दोनों पक्षों के लोग लाठी डंडे लेकर निकल आए। इसके बाद जमकर मारपीट हुई। छतों से हवाई फायरिंग भी हुई। जयपाल पुत्र नौबतलाल को काफी चोट आई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चार लोगों जयपाल, यासीन, नईम और रमेश को हिरासत में ले लिया गया। सुबह एनसीआर दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया। सीओ कटघर ने बताया कि आपसी झगड़े में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। फायरिंग या तनाव जैसी कोई बात नहीं है। फोर्स लगा दी गई है।
--
नवाबपुरा में बम फेंकने वाले की तलाश
मुरादाबाद। नवाबपुरा में रविवार रात हुई मारपीट और झड़प के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। बम बनाने वालों की तलाश की जा रही है। हालांकि अगले दिन भी किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं आई।
रविवार रात नवाबपुरा में किसी बात पर दो पक्ष आमने सामने आ गए थे। लाठी डंडे और बेल्टें चलने के दौरान एक पक्ष से बम फेंके गए। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से फायरिंग की भी अफवाह उड़ी। उस वक्त क्षेत्र में पुलिस नहीं थी। जबकि ईद के पहले हिस्ट्रीशीटर की हत्या के चलते इलाके में आरआरएफ और पुलिस फोर्स लगाई गई थी। रविवार रात फिर धमाके के बाद पुलिस बल मुस्तैद कर दिया गया। एसओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सुतली बम कहां बन रहे हैं? यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है।