मुरादाबाद। जूनियर बाक्सर आकाश ने सीनियर इंडिया कैंप की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। एक साल से वह जूनियर इंडिया कैंप औरंगाबाद में रह कर मुक्कों की बौछार से पदकों की बारिश की तैयारी में जुटा है। श्रीलंका और अजरबैजान के लिए जाने वाली भारतीय बाक्सिंग जूनियर टीम में उसका चयन हुआ था। दोनों ही दौरे रद्द होने से उसे इन मुकाबलों में शामिल होने का मौका नहीं मिल सका। अब सीनियर कैंप के लिए उसने अपनी तैयारी तेज कर दी है।
अंबेडकर कालोनी हिमगिरी हरथला निवासी 18 वर्षीय आकाश 64 किलोग्राम भार वर्ग में मुक्केबाजी कर रहा है। सोनकपुर स्टेडियम में बाक्सिंग कोच संतोष कुमार क्षेत्री के सानिध्य में उसने बाक्सिंग का प्रशिक्षण लिया है। उसने स्टेडियम, जनपद और प्रदेश के लिए नेशनल स्तर पर कई पदक जीते। मंगलवार को सोनकपुर स्टेडियम पहुंचे आकाश के अनुसार पांच जूनियर नेशनल में उसे मौका मिला जिसमें चार में पदक जीते। सिक्किम में एक कांस्य, दिल्ली में दो कांस्य और पटियाला में एक रजत पदक जीता है।