मुरादाबाद। पोंटी चड्ढा को शस्त्र लाइसेंस जारी करने में पकड़े गए ‘खेल’ के बाद अब चड्ढा परिवार के पासपोर्ट की छानबीन शुरू कर दी गई है। दिल्ली से मुरादाबाद, रामपुर और बाजपुर तक पोंटी के पासपोर्ट खंगाले जा रहे हैं। पुलिस और खुफिया टीमें दौड़ाई गई हैं। शनिवार को कुछ सरकारी और निजी दफ्तरों की ओर टीमों ने रुख किया। पासपोर्ट जांचने के पीछे विदेशों से लिंक खंगालना भी है।
पोंटी चड्ढा और हरदीप को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब तक से शस्त्र लाइसेंस जारी किए गए थे। इसका खुलासा भी हो चुका है। रामपुर से ही पोंटी और हरदीप को दो दो लाइसेंस दिए गए। कुल सात लाइसेंस इस ग्रुप के लोगों को रामपुर से मिले। जबकि चड्ढा फैमिली के लोगों को नौ लाइसेंस मुरादाबाद से भी बने। लाइसेंस का ‘खेल’ पकड़े जाने के बाद अब पासपोर्ट की छानबीन शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि पासपोर्ट जारी करते वक्त भी नियमों की अनदेखी की गई है। पुलिस और इंटेलीजेंस की टीमें रिकार्ड खंगालने निकल पड़ी हैं। शनिवार को मुरादाबाद में भी पड़ताल चलती रही। उत्तराखंड तक टीम पहुंची। पोंटी चड्ढा और हरदीप के साथ चड्ढा फैमिली के पास कितने पासपोर्ट हैं और कहां कहां से जारी हुए इस पर रिपोर्ट मांगी जा रही है। इस पूरी जांच प्रक्रिया के पीछे का मकसद विदेशों में रिलेशन तलाशना है। अब तक जो रिपोर्ट मिली है उसके मुताबिक पोंटी चड्ढा अमेरिका, इंग्लैंड, मलेशिया और दुबई सबसे ज्यादा गए।
चंद रोज में लग गईं थी रिपोर्ट
मुरादाबाद। पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया वैसे तो बड़ी जटिल है लेकिन रसूख वालों की फाइलें ऐसे दौड़ती हैं कि जो रिपोर्ट महीने भर में लगती वह चंद रोज में लग गई थी। बीस दिन से भी पहले पासपोर्ट बनकर पहुंच गया था।