मुरादाबाद। बैनामों में हुए ‘खेल’ का खुलासा होने लगा है। कहीं आवासीय जमीन को खेती में दिखाकर रजिस्ट्री करा ली गई है तो कहीं होटल की जमीन को खेत दिखाकर बैनामा करा लिया गया। डीएम के आदेश पर हुई जांच में चंद्रकांता होटल स्टांप चोरी के मामले में फंस गया है। कार्रवाई की स्क्रिप्ट लिख दी गई है।
प्रशासन को जो खुफिया रिपोर्ट मिली थी उसके मुताबिक रजिस्ट्रियों में बड़ा ‘गोलमाल’ हुआ। बैनामा कराने वालों ने विभागीय लोगों से सांठ गांठ करके जमीन की श्रेणी तक बदल डाली थी। शिकायतें मिलने पर जिलाधिकारी डा. हरिओम ने जांच के आदेश दिए। करीब 500 बैनामे जांच के लिए छांटे गए। इनमें दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जमीन की रजिस्ट्रियां, रामपुर रोड पर बैनामे और कांठ रोड के बैनामे थे। एसडीएम आशुतोष अग्निहोत्री ने रामपुर रोड पर स्थित चंद्रकांता होटल के बैनामे की जब जांच की तो बड़ा ‘खेल’ सामने आया। एसडीएम ने बताया कि रिसोर्ट के रूप में तैयार हुए इस होटल की मालियत 60 लाख के करीब है। इसकी सेल डीड 4 लाख आंकी गई है। खेती की जमीन दिखाया गया गया। कुल 0.11 हेक्टेयर भूमि बताई गई थी। जबकि मौके पर होटल चल रहा है। चार कमरे बने हुए हैं। यहां स्टांप चोरी का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी को इसकी रिपोर्ट भेज दी गई है। बताया जाता है कि इस होटल के एक साइड पेट्रोल पंप है तो दूसरी तरफ महेंद्रा मोटर्स है।