मुरादाबाद। सोमवार की रात को गोविंद नगर ट्रैक पर फिर एक बड़ा हादसा हुआ। रेलवे लाइन पर फंसी ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली को पैसेंजर ट्रेन ने उड़ा दिया। ट्रेन को आता देख चालक और उसका साथी पहले ही कूदकर भाग गए थे। इस हादसे के बाद ट्रैक जाम हो गया। मुरादाबाद की तरफ आने और जाने वाली ट्रेनों को जगह जगह रोक दिया गया था।
रेलवे लाइनों पर फंसी ट्रैक्टर ट्राली को रामनगर की तरफ से आ रही पैसेंजर ट्रेन ने टक्कर मारी थी। यह वाकया रात को करीब ग्यारह बजे का है। दरअसल ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली गोविंद नगर को जा रही थी। आबादी तक पहुंचने के लिए रेलवे लाइन को पार करना होता है। चालक ने भी ट्रैक्टर को निकालने की कोशिश की। बताया जाता है कि ट्रैक के बीच में जाकर ट्राली फंस गई। काफी देर तो चालक ने प्रयास किया लेकिन सफलता मिली नहीं। खैर इससे पहले वह लोगों की मदद लेता कि ट्रैक पर रामनगर मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन आती नजर आई। खतरा भांपकर चालक और उसका साथी कूदकर भाग गए। ट्रेन की टक्कर से ट्रैक्टर और ट्राली के परखच्चे उड़ गए। कुछ ही देर में पूरे ट्रैक पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन के पुर्जे फैल गए थे। ईंट बिखर गईं थीं। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे ट्रैक पर आने वाली गाड़ियों को जगह जगह रोक दिया गया। रात को बारह बजे तक भी ट्रैक साफ नहीं हो सका था। आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियां फंसी हुईं थीं।