मुरादाबाद। कांशीराम योजना के आवंटी मकानों पर कब्जा न मिलने से क्रोध में हैं। सोमवार को भी इन लोगों ने जमकर हंगामा किया। डीएम आफिस को घेरकर प्रदर्शन किया गया। भड़के लोग यहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों से भिड़ गए थे। आरोप लगाया कि अफसर उन्हें गुमराह कर रहे हैं। बाद में यहां पहुंचे एसडीएम ने इन लोगों को दस दिन में कब्जा दिलाने का भरोसा देकर शांत किया।
मान्यवर कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के अंतर्गत मुरादाबाद में प्रथम चरण में 1500 आवास बनाए गए थे। इन सभी मकानों पर पात्र लोग काबिज हो चुके हैं। दूसरे चरण में 2260 मकानों का निर्माण कराया गया। इनमें से 1390 का आवंटन कर दिया गया। आवंटन विधानसभा इलेक्शन से पहले हुआ लेकिन किसी भी आवंटी को मकान पर कब्जा नहीं मिला। यह लोग तभी से अफसरों के चक्कर लगा रहे हैं। पिछले पांच दिनों से हर रोज हंगामा हो रहा है। सोमवार को फिर कलेक्ट्रेट पर हल्ला मचा। दरअसल तमाम लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। इन लोगों का कहना था कि अधिकारी जानबूझकर देरी कर रहे हैं। अब कह रहे हैं कि निकाय चुनाव आ गए। आवंटन नहीं हो सकेगा। हंगामा कर रहे लोगों को जब यहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने समझाने की कोशिश की तो महिलाएं उनसे भिड़ गईं। आफिस में मौजूद जिलाधिकारी से मिलने की जिद करने लगीं। कुछ लोग तो जबरन जाने लगे थे। जिन्हें पुलिस कर्मियों ने किसी तरह से रोका। एसडीएम आशुतोष अग्निहोत्री ने इन लोगों से कहा कि दस दिन के भीतर सभी को मकानों की चाबी सौंप दी जाएगी। रजिस्ट्री के काम में थोड़ा विलंब हो रहा है। इस पर लोग शांत हो गए।