मुरादाबाद। अंडरपास के निर्माण पर रेलवे हाथ खड़े कर चुका है। मुख्यालय को भेजी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि यहां गुंजाइश नहीं है। क्योंकि यह मुद्दा कानून व्यवस्था का सवाल बनता जा रहा है लिहाजा प्रशासन अब रेलवे अफसरों से वार्ता करेगा। डीएम ने कहा कि जल्द ही डीआरएम के साथ उनकी मीटिंग होगी।
अंडरपास की मांग को लेकर गोविंद नगर की जनता वर्षों से आंदोलन कर रही है। जनप्रतिनिधियों ने भी इसे मुद्दा बनाकर कई दफा जनता के बीच उछाला। जब जब आंदोलन गूंजता है रेलवे वाले भी साइड का मुआयना करने पहुंच जाते हैं। कभी तकनीकी पहलुओं पर रिपोर्ट दे दी जाती है कि अंडरपास बन सकता है तो कभी इंकार कर दिया जाता है। अब फिर यही स्थिति है। क्योंकि यह मुद्दा कानून व्यवस्था का सवाल बन रहा है लिहाजा प्रशासन भी चौकस हो गया है। जिलाधिकारी डा. हरिओम ने बताया कि वह इस मुद्दे को लेकर जल्द ही डीआरएम से मुलाकात करेंगे। कोई बीच का रास्ता निकाला जाएगा। क्योंकि अंडरपास का निर्माण कराना तो रेलवे को ही है। वहीं यहां की जनता ने साफ कर दिया है कि वह अंडरपास बनने तक आंदोलन जारी रखेंगे। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में अफसरों के साथ उनकी वार्ता भी होगी। एडीएम सिटी हरिकृष्ण नाथ त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को गोविंद नगर के लोग बुलाए गए हैं।