मुरादाबाद। पंजाब के शाही इमाम मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कहा है कि कौम की तरक्की के लिये तालीम जरूरी है। उन्होंने समाज में फैली बुराइयों से बचने का आह्वान किया। पंजाब के इमाम इंद्रा चौक पर जलसे को खिताब फरमा रहे थे। उन्होंने कहा मुसलमानाें में जो मसाईल बढ़ रहे हैं उसका कारण है कि उन्होंने अल्लाह के बताए रास्ते छोड़ दिये हैं। उन्होेंने कहा कि शरीयत के अनुसार जिंदगी जीने से परेशानियां अपने आप ही दूर हो जाएंगी। मौलाना ने समाज में फैली बुराईयों को पतन का कारण बताया। कहा कि बुराईयां दूर होने से समाज तरक्की की राह पर चलने लगेगा। इसके लिये शिक्षा भी जरूरी है। इस लिये हमें बच्चों की तालीम पर अधिक ध्यान देना चाहिये। कहा मुस्लिम समाज सदैव नेक नियति और भाईचारे का संदेश देता है। इसमें अलगाव वाद या हिंसा की कोई जगह नहीं है। हमें एकजुटता के साथ समाज, धर्म और देश को समर्पित रहना चाहिये। यही इस्लाम भी सिखाता है। उन्हें सुनने के लिये भीड़ उमड़ी रही। देर रात तक लोग उन्हें सुनने को जमे रहे। सदारत शहर इमाम सैय्यद मासूम अली आजाद ने व संचालन मौलाना अब्दुल रहमान साजिदुल आजमी ने किया। नगर विधायक हाजी यूसुफ अंसारी, सलीम बाबरी, असलम पंचायती, नाजिम मंसूरी, मौलाना जमालुद्दीन, सलीम नकवी आदि मौजूद रहे।