मुरादाबाद। शासन ने तत्काल प्रभाव से चिकित्सा क्षेत्र में अटैचमेंट व्यवस्था को खत्म कर दिया है। इस आदेश की जद में मंडल के पांच चिकित्सक आए हैं। जिनमें से तीन महिला चिकित्सक शामिल हैं। सभी को उनके मूल स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने के आदेश जारी किए गए हैं।
चिकित्सक और चिकित्सा कर्मी विभाग की ओर से स्थानांतरण आदेश जारी होने के कुछ ही दिनों के भीतर अपनी तैनाती अटैचमेंट के तहत अपनी सुविधा अनुसार करवा लेते थे। इस खेल में छोटे से लेकर बड़े अधिकारी तक शामिल होते थे। पर अब इस व्यवस्था को बहरहाल खत्म कर दिया गया है। इसकी गाज सबसे पहले 5 चिकित्सकों के ऊपर गिरी है। जिला महिला अस्पताल में तैनात डा. विजय सिंह को केंद्रीय पुलिस अस्पताल, डा. आभा वर्मा को महिला चिकित्सा बिजनौर से जेपी नगर, मंजूल त्यागी कांड महिला अस्पताल से जेपी नगर, इंदू बाला को क्षेत्रीय स्वास्थ्य परीक्षण मंझोला से जेपी नगर और बाल रोग विशेषज्ञ डा. एमपी सिंह को जिला महिला अस्पताल से अटैचमेंट खत्म करते हुए बिजनौर भेजा गया है। इस बाबत आदेश जारी कर दिए गए हैं और तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने की बात कही गई है। इस बात की पुष्टि डा. के वर्मा एडिशनल डायरेक्ट हेल्थ ने की है।