मुरादाबाद। जिले की करीब 98 हजार गर्भवती महिलाओं को नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा दी जाएगी। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत चार माह से बंद अब यह योजना दोबारा शुरु हो गई है। नोडल अधिकारी स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पहले दिन 118 अल्ट्रासाउंड करवाए गए।
विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की निजी केंद्रों पर भी नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा के लिए वाउचर जारी किए जाते हैं। नोडल अधिकारी डॉ. रघुवीर सिंह ने बताया कि जिला महिला अस्पताल, सभी नौ ब्लॉक के अलावा मुरादाबाद शहर में 26 इकाइयों पर सेवा उपलब्ध है। दोबारा योजना शुरु होने के बाद 1171 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। साथ ही अनुबंधित 459 केंद्रों पर 118 महिलाओं ने अल्ट्रासाउंड करवाए। उन्होंने कहा कि अब यह व्यवस्था प्रत्येक माह की 1,09, 16, और 24 तारीख को रहेगी। यदि कोई गर्भवती महिला निर्धारित तारीखों में अल्ट्रासाउंड के लिए वाउचर ले जाती है तो वह अगले 30 दिन तक कभी भी अल्ट्रासाउंड करवा सकती हैं। उन्होंने कहा कि पहले गर्भवती महिलाओं के मोबाइल नंबर पर ओटीपी आता था। लेकिन किन्हीं कारणों से पोर्टल नहीं चल पाया। इसलिए अब गर्भवती महिलाओं को वाउचर की सुविधा दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उन्हें वाउचर की दो प्रति दी जाती हैं। इसमें एक प्रति अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जमा करनी होती है और दूसरी प्रति महिला के पास रहती है।