मुरादाबाद। नामांकन के छठे दिन मंगलवार को मुरादाबाद सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी इमरान प्रतापगढ़ी समेत तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इमरान के तीन सेट में नामांकन दाखिल करने की वजह से अभी तक कुल जमा हुए नामांकन पत्रों की संख्या दस हो गई है। नामांकन से पहले कांग्र्रेस प्रत्याशी ने अंबेडकर पार्क में जनसभा को संबोधित किया। इसमें पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और मुरादाबाद सीट के पूर्व प्रत्याशी राजब्बर ने कहा कि राजनीति में इमरान जैसे युवाओं की जरूरत है। बोले, मैंने इमरान के लिए सीट छोड़ी है अब उनकी जिम्मेदारी है कि इसे जीतकर प्रियंका गांधी को नेग में दें।
राजबब्बर ने कहा कि हाईकमान ने उन्हें मुरादाबाद भेजा था। लेकिन इमरान मेरे लिए बेटे और छोटे भाई जैसे हैं। इसलिए इमरान के लिए मुरादाबाद सीट छोड़ दी। उन्होंने कहा कि शायर दिल से बोलता है और दिल की आवाज सुनता है। राजबब्बर ने कहा कि वह खुद चुनाव लड़ते और जीतते भी, लेकिन पूरा समय मुरादाबाद की जनता को नहीं दे पाते। इमरान हमेशा मुरादाबाद की जनता के बीच रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस युवा सोच की पार्टी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल और महासचिव प्रियंका गांधी अधिक से अधिक युवाओं को मौका दे रहे हैं। आंबेडकर पार्क में जनसभा के बाद इमरान का जुलूस नामांकन करने पहुंचा। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर और प्रमोद तिवारी अंबेडकर पार्क से ही लौट गए। जुलूस को मंडलायुक्त कार्यालय से पहले ही रोका गया। केवल पांच लोगों को कलक्ट्रेट के अंदर जाने की अनुमति मिली। इमरान प्रतापगढ़ी ने तीन सेट पर नामांकन भरा। इसमें मुख्य सेट पर प्रस्ताव कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा, दूसरे सेट पर जिलाध्यक्ष डा. एपी सिंह और तीसरे पर प्रस्तावक असद मौलाई बने।
इमरान से पहले मंगलवार को भारतीय बहुजन समता पार्टी के प्रत्याशी रूपचंद्र सिंह निवासी सुरजन नगर ठाकुरद्वारा और नकी भारतीय एकता पार्टी के प्रत्याशी अकरम निवासी सराय खजूर छजलैट ने भी नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की संख्या आठ हो गई है। इमरान का नामांकन तीन सेट में होने की वजह से नामांकन पत्रों की संख्या 10 हो गई है।
नामांकन पत्र में इमरान की जानकारी
--------------------------
- मो इमरान खान (32), पुत्र मो इलियास खान
- मूल निवास चमरनपुर शुक्लान, लालगंज प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश
- शिक्षा एमए हिंदी, जर्नलिज्म डिप्लोमा
- 38 लाख 13 हजार कीमत की चार गाड़ियां (महिंद्रा एसयूवी, फार्चूनर, फोर्ड इंडिवर और टाटा इंडिगो)
- नगदी 1,78,600 रुपये, एकाउंट में जमा पूंजी 22,50,000
- 682229 सालाना जीवन बीमा निगम की प्रीमियम
- दिल्ली में एक करोड़ 30 लाख रुपये कीमत के दो फ्लैट
- पैतृक गांव शुक्लान में पांच बीघा कृषि भूमि
- एक करोड़ 34 हजार रुपये की बैंक लोन
ईवीएम में इमरान प्रतापगढ़ी नाम दर्ज करने का आवेदन
कांग्रेस विधि विभाग के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता मो अरशद परवेज ने बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी इमरान प्रतापगढ़ी का नाम उनके शैक्षिक प्रपत्रों में मो. इमरान खान दर्ज है। शैक्षिक प्रपत्रों के आधार पर ही नामांकन में भी यही नाम भरा गया है। लेकिन इमरान ने जिला निर्वाचन अधिकारी से ईवीएम में इमरान प्रतापगढ़ी करने का आवेदन किया है।