मुरादाबाद। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने सोमवार को दिल्ली में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलकर प्रत्याशी बदलने की मांग की है। प्रदेश संगठन मंत्री देश राज शर्मा के नेतृत्व में सिंधिया और अहमद पटेल से मिले कांग्रेसियों ने इमरान प्रतापगढ़ी के स्थान पर स्थानीय प्रत्याशी घोषित करने की मांग की है।
कांग्रेस के प्रदेश संगठन मंत्री देश राज शर्मा ने बताया कि उन्होंने व अन्य कांग्रेसियों ने दिल्ली में ज्योतिरादित्य सिंधिया और अहमद पटेल से मुलाकात कर प्रत्याशी बदलने के लिए ज्ञापन सौंपा है। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को भी ज्ञापन भेजा गया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि शायर इमरान प्रतापगढ़ी अभी कांग्रेस के पांच रुपये के सदस्य भी नहीं हैं। यदि राजबब्बर को मुरादाबाद से चुनाव नहीं लड़ना है तो फिर किसी स्थानीय नेता को प्रत्याशी बनाया जाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इमरान प्रतापगढ़ी चुनाव लड़ने के बाद वापस लौट जाएंगे। स्थानीय प्रत्याशी होगा तो कार्यकर्ताओं के बीच रहेगा।