गजरौला (अमरोहा)। बरेली से नया भुज जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस अब गजरौला में भी रुकेगी। शुक्रवार को सांसद कंवर सिंह तंवर और डीआरएम मुरादाबाद अजय कुमार सिंघल ने हरि झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान सांसद ने संभल-गजरौला रेलवे ट्रैक का काम जल्द शुरू होने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार प्रतिबद्ध है। पिछले वर्षों के मुकाबले रेलवे का घाटा घटा है। अब उसे 100 रुपये कमाने के लिए 95 रुपये खर्च करने होते हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से आला हजरत एक्सप्रेस के गजरौला में रोके जाने की मांग थी। औद्योगिक नगरी होने के कारण इसकी आवश्यकता को देखते हुए यह फैसला लिया। अब राजस्थान, गुजरात जाने वाले यात्रियों को समस्या नहीं आएगी।