गंगा में गिरने वाले गंदे नालों को और फैक्ट्रियों के पानी को 15 नवंबर से रोक दिया जाएगा। गंगा महोत्सव के चलते गंदे पानी को गिरने से रोका जाएगा। महोत्सव में मुख्यमंत्री के भी शामिल होने का दावा भाजपा नेता कर रहे हैं। इसके चलते प्रशासन सतर्क हो गया है।
गंगा में मंडल के अमरोहा व बिजनौर क्षेत्र से कई नाले गंगा में गिरते हैं। गांवोें-कस्बों से निकलने वाला पानी और गंगा के आसपास के क्षेत्र में संचालित फैक्ट्रियों का अवशिष्ट जल गंगा में गिरता है। इसके चलते गंगा दूषित होती है।
ब्रजघाट में 20 नवंबर से गंगा महोत्सव मनाया जाएगा। भाजपा नेताओं का दावा है कि उसमें 22 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसको देखते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अफसरों ने गंगा में गिरने वाले दूषित नालों और बिना शुद्ध किए गिरने वाले फैक्ट्रियोें के पानी को सख्ती से रोकने के आदेश दिए हैं।
अधिकारियों ने इसके लिए जांच टीम लगा दी हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी रोहित कुमार का कहना है कि जिन फैक्ट्रियों से मानक विरुद्ध पानी निकलने की आशंका है, उनको बंद करा दिया जाएगा। किसी हाल में गंगा तक गंदा पानी नहीं पहुंचने दिया जाएगा।