गुलाबबाड़ी रेलवे क्रासिंग पर मंगलवार सुबह जाम लग गया। जिस चलते फाटक बंद नहीं हो सका तो पांच यात्री गाड़ियां और चार मालगाड़ियां जहां-तहां रोक दी गईं। सूचना मिलने पर आरपीएफ, जीआरपी और कटघर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद वाहनों को निकाल कर फाटक बंद कराया गया। तब ट्रेनों का संचालन शुरू हो पाया।
कटघर रेलवे स्टेशन के पीछे रेलवे पुल के नीचे से लोग अपने वाहनों से निकल कर सीधे रामपुर रोड पर रामगंगा पुल के पास निकलते हैं। रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण इस रास्ते पर पानी भर गया है। जिस कारण यहां से गुजरने वाले सभी वाहन अब गुलाबबाड़ी रेलवे क्रासिंग से होकर आ जा रहे हैं। मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे अधिक वाहन आने की वजह से फाटक पर जाम लग गया। सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर पौने ग्यारह बजे तक यहां जाम लगा रहा। भीड़ के कारण फाटक नहीं बंद हो सका। जिस कारण पांच एक्सप्रेस ट्रेन और चार मालगाड़ियां रोक दी गईं। सूचना मिलने पर आरपीएफ, जीआरपी और कटघर थाने की पुलिस के साथ ही रेलवे टीम भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद जाम खुलवाने के बाद फाटक से वाहनों को हटाया गया। फाटक पर जाम लगने की वजह से लखनऊ से आनंद विहार जाने वाली डबल डेकर, न्यूजलपाईगुड़ी उदयपुर एक्सप्रेस, हावड़ा से देहरादून के बीच चलने वाली दून एक्सप्रेस, काठगोदाम से दिल्ली जाने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और मुजफ्फरपुर से देहरादून जाने वाली एक्सप्रेस के अलावा चार मालगाड़ियां भी जहां तहां रोक दी गई थीं। जाम खुलने के बाद इन फाटक बंद किया गया। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।
उधर, सुबह से लेकर शाम तक गुलाबबाड़ी रेलवे क्रासिंग और डबल फाटक पुल के नीचे भी जाम लगा रहा। पीतांबरपुर और रसोइया के बीच स्थित गेट संख्या 352 सी दो एक बजे जाम लग गया था। जिस कारण आधे घंटे तक फाटक बंद नहीं हो पाया। जिस कारण त्रिवेणी एक्सप्रेस, अवध-असम एक्सप्रेस और कोलकाता एक्सप्रेस बीच में ही रोक दी गई थी। फाटक बंद होने के बाद ट्रेनों को रवाना किया गया। जहां तहां ट्रेनें रुक जाने की वजह से यात्रियों को खासी परेशानियां झेलनी पड़ी।