ठाकुरद्वारा। अलीगंज बुढ़ानपुर में विड़ला ग्रुप की सेंचुरी टैक्सटाइल इंडस्ट्रीज लालकुआं वोर्ड प्लांट लगाएगी। जिसमें गत्ते का निर्माण किया जाएगा। अलीगंज में करीब 29 वर्ष पूर्व तत्कालीन केंद्र सरकार ने नेपा पेपर मिल लगाने के लिए करीब आधा दर्जन गांव के किसानों की 800 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया था। नेपा पेपर मिल का शिलान्यास तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 15 सितंबर 1989 को किया था। लेकिन सरकार वहां पेपर मिल नहीं लगा सकी। बाद में तत्कालीन जनता दल सरकार ने भूमि को विड़ला ग्रुप को बेच दिया। लेकिन वहां पर मिल की स्थापना नहीं हुई। जिस पर क्षेत्र के आधा दर्जन गांव मानपुर दत्तराम, बथुआखेड़ा, बुढ़ानपुर आदि के किसानो ने भूमि वापस देने की मांग को लेकर लंबा आंदोलन किया। अब बिड़ला ग्रुप की सेंचुरी टैक्सटाइल इंडस्ट्रीज लालकुआं ने अलीगंज में बोर्ड फैक्ट्री लगाने का निर्णय किया है। बुधवार को सेंचुरी के पर्सनल मैनेजर ने एसडीएम कार्यालय ठाकुरद्वारा में पहुंचकर इस निर्णय के बारे में लिखित रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वोर्ड प्लांट में गत्ते का निर्माण किया जाएगा। प्रतिदिन 200 टन गत्ता बनेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने शीघ्र प्लांट का निर्माण शुरू होने की बात कही है।