- मूंढापांडे ब्लॉक में 154 विद्यालयों में कार्यरत हैं 731 शिक्षक, विद्यार्थी पढ़ रहे 19279
- अधिकारी बोले-शासन के आदेश के बाद ही किया जा सकेगा समायोजन
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। ब्लॉक मूंढापांडे के परिषदीय विद्यालयों में मानकों के हिसाब से 88 शिक्षक अधिक हैं, इसके बावजूद तीन विद्यालय एक-एक शिक्षक के सहारे संचालित किए जा रहे हैं। शिक्षकों के अनुसार इससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि शासन के आदेश के बाद ही समायोजन किया जा सकेगा।
मूंढापांडे ब्लॉक में 154 परिषदीय विद्यालय हैं। यहां पर 19279 विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए 731 शिक्षक कार्यरत हैं। शिक्षक नेताओं का कहना है कि मानकों के हिसाब से 643 शिक्षकों की जरूरत है। इसके हिसाब से करीब 88 शिक्षक अधिक हैं। इसके बावजूद उच्च प्राथमिक विद्यालय रनियाठेर (89 विद्यार्थी अध्ययनतर), उच्च प्राथमिक विद्यालय जैतपुर बिशात (38 विद्यार्थी अध्ययनरत), उच्च प्राथमिक विद्यालय बिकनपुर (28 विद्यार्थी अध्ययनरत) में एक-एक शिक्षक पर जिम्मेदारी है। वहीं, प्राथमिक विद्यालय भीतखेड़ा में 69 विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए पांच शिक्षक कार्यरत हैं।
शिक्षिकाओं तक के लिए नहीं शौचालय की व्यवस्था
कंपोजिट विद्यालय देवापुर में 426 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और 16 शिक्षक कार्यरत हैं। प्रधानाध्यापक फिरासत ने बताया कि आस-पास के पांच गांवों से बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं। जूनियर में बच्चे ज्यादा हैं, इसलिए दो-दो सेक्शन कर बालक-बालिकाओं की अलग-अलग कक्षाएं संचालित करते हैं। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा दिक्कत महिला शौचालय की है। विद्यालय में 12 शिक्षिकाएं होने के बावजूद शौचालय तक की सुविधा नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए विभाग को लिखकर दिया है।
बाउंड्री टूटी...शौचालय खराब
प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर कट्टई में 62 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, जबकि छह शिक्षक कार्यरत हैं। प्रधानाध्यापक वंदना शर्मा ने बताया कि विद्यालय की बाउंड्री टूटी हुई है और शौचालय खराब हैं। विभाग को इस समस्या से अवगत कराया गया है। उन्होंने पंचायत विभाग के माध्यम से समाधान करवाने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा सबसे बड़ी समस्या गांव से स्कूल के रास्ते की है। करीब 500 मीटर की सड़क पर चिकनी मिट्टी की कीचड़ है। बारिश के कारण बच्चे फिसल जाते हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे विभाग के अधिकारियों ने विद्यालय में शौचालय निर्माण का प्रयास किया था, लेकिन रास्ते को देखकर पीछे हट गए।
वर्जन...
शासन स्तर से समायोजन होने पर यह विसंगति दूर होगी। स्कूलों में चहारदीवारी और शौचालय बनवाने के लिए प्रस्ताव पंचायत विभाग को भेज दिए गए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही अनुमोदन होकर कार्य शुरु हो जाएगा।
राजेश चतुर्वेदी, खंड शिक्षा अधिकारी मूंढापांडे