मुरादाबाद। सीबीएसई के दसवीं और बारहवीं के परिणामों में मुरादाबाद के 86.14 फीसदी मेधावियों ने सफलता प्राप्त की है। मंडल में दसवीं की परीक्षा में मुरादाबाद पहले और 12वीं की परीक्षा में तीसरे स्थान पर रहा है। दसवीं में 90.86 फीसदी और बारहवीं में 80.39 फीसदी विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। परिणाम आने के बाद से मेधावियों के घरों में जश्न का माहौल है।
सीबीएसई ने सुबह करीब 11:30 बजे 12वीं का और दोपहर लगभग ढाई बजे दसवीं का परिणाम जारी कर दिया। मुरादाबाद में 16 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई थी। मुरादाबाद में दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में 8978 विद्यार्थी पंजीकृत थे और 8877 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें से 7647 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। जिले के परिणाम में बेटियों ने बाजी मारी है। दसवीं में 93.54 फीसदी छात्राओं ने सफलता प्राप्त की है, जबकि छात्रों की सफलता का परिणाम 88.86 फीसदी रहा है। बारहवीं में छात्राओं का परिणाम 86.21 फीसदी है, जबकि 76 फीसदी छात्रों ने सफलता प्राप्त की है।
जिले में परीक्षार्थी बढ़े और गिरा परिणाम
इस बार का परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में कम रहा। पिछले वर्ष 8305 फीसदी विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी और 7262 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए थे। परिणाम 87.41 फीसदी था, जबकि इस वर्ष जिले में 8978 विद्यार्थी पंजीकृत थे और 8877 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें से 7647 विद्यार्थी परीक्षा उत्तीर्ण हुए हैं। जिले में 86.14 फीसदी विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है।
मुरादाबाद जिले का परिणाम
क्लास पंजीकृत उपस्थिति पास प्रतिशत
10वीं 4910 4873 4428 90.86
12वीं 4068 4004 3219 80.39
कुल 8978 8877 7647 86.14