फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छात्राओं के साथ देहात के स्कूलों ने फिर बाजी मारी

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में छात्राओं के साथ देहात के स्कूलों ने फिर मैदान मारा है। मुरादाबाद शहर के नामी स्कूल इस बार भी जिले की टॉप टेन सूची में शामिल नहीं हो सके।
विज्ञापन

उत्तरप्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2018-2019 में पहली बार सीबीएसई की तर्ज पर परीक्षाएं कराई। एक विषय का एक ही पेपर होने से विद्यार्थी दुविधा में थे। पेपर अच्छे होने से विद्यार्थियों में अच्छे रिजल्ट को लेकर उत्साह था। बोर्ड ने शनिवार को परीक्षाफल घोषित कर दिया। मुरादाबाद जिले में हाईस्कूल का 85.82 फीसदी और इंटर का 79.62 फीसदी परीक्षा परिणाम रहा है। हाईस्कूल और इंटर में इस बार भी छात्राओं ने मैदान मारा है। हाईस्कूल में छात्राओं का परीक्षाफल 91.48 फीसदी और छात्रों का 80.63 फीसदी रहा है। जबकि इंटर में बालिकाओं का परीक्षाफल 86.66 फीसदी और बालकों का 73.09 फीसदी है।
बोर्ड रिजल्ट में कांठ और बिलारी के स्कूलों के बच्चों ने परचम लहराया है। जिले की टॉप टेन सूची में 31 छात्र एवं छात्राओं ने जगह बनाई है। इनमें सर्वाधिक 14 टॉपर कांठ ब्लाक के स्कूलों से हैं। पट्टी मौढ़ा कांठ के एमडीआईसी और पब्लिक आईसी के बच्चों में पिछले सालों की तरह इस बार भी सबसे अधिक टॉपर देने प्रतिस्पर्द्धा रही। प्रतिस्पर्द्धा में देहात ब्लाकों में सर्वाधिक टॉपर इन्हीं दो स्कूलों ने दिए हैं। मुरादाबाद शहर के एसवीएमआईसी गुलाबबाड़ी को छोड़कर बाकी नामी स्कूल फिसड्डी साबित हुए हैं। गुलाबबाड़ी के 10 बच्चों ने जिले की टॉपर में जगह बनाई है। साहू रमेश कुमार कन्या इंटर कालेज, एसदेवीएमआईसी लाइनपार और डीजेएसएसवीएमएचएसएस कठघर से भी एक-एक विद्यार्थी टॉपर सूची में शामिल हुए हैं।
विज्ञापन


हाईस्कूल के रिजल्ट में सुधार तो इंटर का गिरा
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की नकल विहीन परीक्षाओं में पिछले साल की तुलना में इस बार हाईस्कूल के परीक्षाफल में सुधार आया है। जबकि इंटर का परीक्षाफल गिरा है। परिषद ने पहली बार सीसी कैमरों के साथ वाइस रिकार्डिंग के बीच बोर्ड की परीक्षाएं कराई। मुरादाबाद जिले में 125 सेंटरों पर हाईस्कूल और इंटर में 75413 बच्चों ने परीक्षाएं दी। जबकि पंजीकरण 83473 बच्चों ने कराया था। कड़ी निगरानी में परीक्षाएं हुई। शनिवार को जारी परीक्षाफल में हाईस्कूल का परिणाम 85.82 फीसदी और इंटर का 79.62 फीसदी रहा। जबकि 2018 में हाईस्कूल का परीक्षाफल 84.24 और इंटर का 82.13 फीसदी रहा था। 2017 में हाईस्कूल में 79.78 फीसदी बच्चे पास हुए थे और इंटर में 77.89 बच्चे उत्तीर्ण हुए।


12879 बच्चे फेल
मुरादाबाद जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षा में 12879 बच्चे फेल हो गए। हाईस्कूल की परीक्षा के लिए 44683 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 40117 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 34430 बच्चे पास हो गए और 5687 बच्चे अनुत्तीर्ण हुए हैं। इसी तरह इंटरमीडिएट में 38790 बच्चों ने पंजीकरण किया था 35296 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। 28104 बच्चे पास हुए हैं और 7192 बच्चे फेल हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें