मुरादाबाद। लोकसभा चुनावों को संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से तैनात किए गए केंद्रीय सुरक्षा बलों के ठहरने के इंतजाम ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों व अन्य ठिकानों पर होने लगे हैं। डीएम ने मंगलवार को सुरक्षा बलों के ठहरने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
कलक्ट्रेट में पुलिस - प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करके डीएम राकेश कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल व राज्य पुलिस बल के लिए ठहरने के लिए चिन्हित किए गए स्थानों पर ग्रामीण क्षेत्र में जिला पंचायत राज अधिकारी और नगर क्षेत्र में अधिशासी अधिकारी सुविधाएं मुहैय्या कराएंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं भी मौके पर जाकर देखेंगे कि सुविधाएं मुहैय्या करा दी गई हैं या नहीं। केंद्रीय बलों के ठहरने के हरेक स्थान पर स्नान घर और शौचालय का निर्माण अनिवार्य रूप से किया जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर राजेंद्र सिंह सेंगर, नगर आयुक्त संजय चौहान, एसपी देहात उदय शंकर सिंह आदि मौजूद रहे।