हल्द्वानी/मुरादाबाद। उत्तर रेलवे मुरादाबाद में पांच घंटे का ट्रैफिक मेगा ब्लॉक होने से सोमवार 15 अप्रैल को रामनगर- मुरादाबाद-रामनगर (55306-55307) पैसेंजर ट्रेन, पीपलसाना और मुरादाबाद स्टेशन के बीच संचालित नहीं होगी। इसके साथ ही टनकपुर- सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस (14370) टनकपुर से अपने नियत समय से ढाई घंटे देरी और काठगोदाम- लखनऊ एक्सप्रेस (15044) अपने नियत से एक घंटा देरी से प्रस्थान करेगी। रामनगर- मुरादाबाद पैसेंजर (55308) यात्रा मार्ग पर करीब एक घंटा नियंत्रित करके चलाई जाएगी। वहीं, रविवार को मेगा ब्लॉक के चलते रामनगर- हरिद्वार इंटरसिटी एक्सप्रेस (15034) अपने नियत समय से साढ़े तीन घंटे देरी से संचालित हुई।
ब्लॉक से अवध असम, कोलकाता एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें प्रभावित
मुरादाबाद। रविवार को सुबह से ही मुरादाबाद में मरम्मत कार्य के चलते मेगा ब्लाक कर दिया गया था। मुरादाबाद से ही ट्रेनों के संचालन का रूट डायवर्ट कर दिया गया। शाहजहांपुर से बरेली रेलखंड पर दोपहर दो बजे से 3.10 बजे के बीच डाउन लाइन पर मरम्मत काम कराए गए। इस दौरान कोलकाता एक्सप्रेस 13152, अवध असम एक्सप्रेस 15910, गुवाहाटी राजधानी नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस 20506 और तीन माल गाड़ियां को पीछे के स्टेशनों पर रोकना पड़ा। यह गाड़ियां 15 से 30 मिनट तक विलंब से रवाना की जा सकी। इसके अतिक्ति गजरौला स्टेशन पर यात्री ट्रेनों के न पहुंचने से यात्री परेशान रहे। दोपहर तक स्टेशन पर यात्री ट्रेनों के संचालन की खबर लेते रहे। दोपहर बाद संचालन शुरू होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।