मुरादाबाद। मुरादाबाद रेल मंडल के बरेली चंदौसी रेल मार्ग पर सोमवार को करैंगी के पास कपलिंग टूटने की वजह से दो बार मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। गनीमत रही कि मालगाड़ी के पहिये पटरी से नहीं उतरे। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक कराकर इंजन की रफ्तार कम कर दी। कपलिंग जोड़ने के बाद मालगाड़ी आगे के लिए रवाना कर दी गई।
बरेली चंदौसी के बीच करैंगी के पास सोमवार दोपहर बारह बजे अप लाइन पर मालगाड़ी गुजर रही थी। इसी दौरान बोगी संख्या एक और दो को जोड़ने वाली कपलिंग टूट गई। जिससे मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। चालक ने इंजन की रफ्तार कम कर दी। चालक ने इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम में दी। सूचना मिलने पर रेलवे टीम मौके पर पहुंची और बोगियों को आपस में जोड़ने के बाद मालगाड़ी आगे के लिए रवाना की गई। इसी बीच दो और तीन नंबर बोगी की कपलिंग टूट गई। दोबारा मालगाड़ी दो हिस्सों में बंटी तो इसकी जानकारी से रेल प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। करीब दो घंटे बाद कपलिंग जोड़कर मालगाड़ी आगे के लिए रवाना कर दी गई। कपलिंग टूटने की वजह से दो हिस्से तक इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन बाधित रहा।