बुधवार सुबह मेरठ में इलाहाबाद से सहारनपुर जा रही नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन फेल हो गया। नौचंदी के बीच में रुक जाने की वजह से पीछे आ रहीं दूसरी ट्रेनों को जहां-तहां रोक दिया गया। संगम एक्सप्रेस ट्रेन 70 मिनट हापुड़ में खड़ी रही। ढाई घंटे बाद दूसरा इंजन लगाकर नौचंदी को रवाना की गई। इसके बाद ही रेल संचालन शुरू हो सका।
बुधवार सुबह नौचंदी एक्सप्रेस इलाहाबाद से सहारनपुर जा रही थी। मेरठ में सुबह साढे आठ बजे ट्रेन का इंजन फेल हो गया। चालक ने इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम में देने के साथ ही इंजन स्टार्ट करने का प्रयास किया। लेकिन इंजन स्टार्ट नहीं हो सका। नौचंदी के मेरठ में खड़े होने की वजह से पीछे आ रहीं दूसरी ट्रेनों को सिगनल नहीं मिल सका। जिस कारण इलाहाबाद से मेरठ जा रही संगम एक्सप्रेस को हापुड़ में रोक दिया गया। जबकि खुर्जा से मेरठ सिटी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन खरखौदा में खड़ी रही। इसके अलावा दो मालगाड़ियां भी बीच में रोक दी गईं। 11 बजे के बाद दूसरा इंजन लगाकर नौचंदी सहारनपुर के लिए रवाना की। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो पाया। ट्रेनों के जहां तहां रुक जाने की वजह से यात्रियों को खासी परेशानियां का सामना करना पड़ा।