एफआईआर दर्ज, जांच शुरू , सहायता समूह बनाकर की गई धोखाधड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। छजलैट थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला ने प्रथमा बैंक की फत्तेपुर विश्नोई शाखा में कार्यरत पूर्व बैंक मैनेजर सहित आठ लोगों के खिलाफ छजलैट थाने में 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फत्तेपुर विश्नोई निवासी गायत्री देवी का आरोप है कि राकेश विश्नोई, ब्रह्मदेव, सुमन विश्नोई, कुलदीप, नीतू, रेखा ने एक सहायता समूह का गठन कर पूर्व बैंक मैनेजर सुनीता और बैंक कर्मचारी ब्रजपाल उर्फ प्रियबुद्ध ने एक राय होकर कई लोगों से धोखाधड़ी कर करीब 40 से 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। घटना 18 सितंबर की है। गायत्री ने बताया कि आरोपियों ने सहायता समूह का गठन कर उनसे व अन्य लोगों से पहचान पत्र व अन्य दस्तावेज पर हस्ताक्षर करवाया। इसके बाद तत्कालीन बैंक मैनेजर और बैंक कर्मचारी ब्रजपाल से सांठ गांठ कर बैंक से करीब 50 लाख रुपये का लोन ले लिया। इस संबंध में गायत्री सहित अन्य लोगों को बाद में जानकारी हुई तो उन्होंने शिकायत की। स्थानीय पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो मामले की शिकायत एसएसपी से की गई। एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ छजलैट थाने में रिपेार्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।