यूपी बोर्ड परीक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू होंगी। जिले में 110 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 81 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा देंगे। बुधवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर सीटिंग प्लान, साफ-सफाई के अलावा सीसीटीवी कैमरों के संचालन की व्यवस्थाएं दुरुस्त की गई। डीआईओएस का कहना है कि इस बार चार स्तर पर ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। इसलिए कोई भी नकल का प्रयास न करे।
जिले में 81690 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इसमें हाईस्कूल के 42772 और इंटरमीडिएट के 38918 विद्यार्थी हैं। बोर्ड परीक्षा 22 फरवरी से नौ मार्च तक आयोजित की जाएगी। पहली पाली में हाईस्कूल की परीक्षा सुबह साढ़े आठ बजे से सुबह 11 बजकर 45 मिनट तक होगी। वहीं दूसरी पाली में इंटर की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजकर 15 मिनट तक होगी। 110 परीक्षा केंद्रों में नौ राजकीय, 44 अशासकीय और 57 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरुण कुमार दुबे ने बताया कि परीक्षा में निगरानी के लिए 110 केंद्र व्यवस्थापक, 110 अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और 110 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट, पांच जोन मजिस्ट्रेट, छह सचल दल बनाए गए हैं। 4763 कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी लगाई है। इसमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के 2940 और बेसिक शिक्षा विभाग के 1823 शिक्षकों की ड्यूटी लगी है। 47 केंद्रों पर पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। एक संकलन केंद्र के अलावा तीन उप संकलन केंद्र बनाए गए हैं।
डॉ. अरुण कुमार दुबे ने बताया कि सभी केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेगा। बोर्ड परीक्षाओं में पहली बार चार स्तरीय ऑनलाइन निगरानी होगी। इसमें जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय बरेली, बोर्ड कार्यालय इलाहाबाद और शासन स्तर लखनऊ से परीक्षा केंद्रों की 24 घंटे निगरानी की जाएगी। मुरादाबाद में इसके लिए तीन शिफ्ट में ड्यूटी रहेगी। इसके अलावा केंद्रों पर रात्रि भ्रमण के लिए चार उपजिलाधिकारी की टीम और छह सचल दल की टीमें हैं।
- सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। विद्यार्थी आत्मविश्वास के साथ परीक्षा केंद्र पर जाएं। विद्यार्थी नकल का प्रयास न करें। केंद्रों पर विद्यार्थियों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होगी। विद्यार्थी मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक सामग्री लेकर परीक्षा केंद्र पर न जाएं। नकल करते पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. अरुण कुमार दुबे, जिला विद्यालय निरीक्षक