मुरादाबाद। पुलिस ट्रेनिंग कालेज में फैली कोरोना की दहशत के बीच गुरुवार को पुलिस लाइन, 23वीं और 24वीं पीएसी मैदान से 782 रिक्रूट्स आरक्षी पास आउट होने के बाद पुलिस का हिस्सा बन जाएंगे। तीनों ट्रेनिंग सेंटरों में दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
24 दिसंबर 2020 को मुरादाबाद पुलिस लाइन में प्रशिक्षण के लिए 194 रिक्रूट्स पीएसी आरक्षी ने आमद कराई थी। इन सभी को 38वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ से यहां भेजा गया था। इसके अलावा 24वीं वाहिनी पीएसी में तीन सौ प्रशिक्षु आरक्षियोें ने आमद दर्ज कराई थी। जबकि तीन सौ प्रशिक्षु आरक्षी 23वीं पीएसी में पहुंचे थे। इन सभी पीएसी जवानों का छह माह तक कड़ा प्रशिक्षण चला। जिसमें आउट डोर इंडोर गुर सिखाए गए। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस लाइन से तीन, 23वीं पीएसी से छह और 24वीं वाहिनी पीएसी से तीन रिक्रूट्स आरक्षी इस्तीफा देकर चले गए हैं। 30 जुलाई को इन सभी की पासिंग आउट परेड होगी। कई दिन पहले से मैदान में रिहर्सल की जा रही थी। पुलिस लाइन के आरआई इंद्रवीर सिंह ने बताया कि सुबह दस बजे परेड आयोजित की जाएगी। जिसमें आईजी रमित शर्मा दीक्षांत परेड के मुख्य अतिथि होंगे। 23वीं वाहिनी पीएसी के कमांडेंट कुंवर अनुपम सिंह और 24वीं वाहिनी पीएसी में आयोजित होने वाले दीक्षांत परेड के मुख्य अतिथि डीआईजी पीएसी अनंत देव रहेंगे।
मास्क लगाकर मैदान में उतरेंगे रंगरूट
मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण को देखते हुए पासिंग आउट परेड में विशेष सावधानियां बरती जाएंगी। इस बार पासिंग आउट परेड की केवल औपचारिकता की जाएगी। रंगरूटों के परिजन के बैठने के लिए भी शारीरिक दूरी को ध्यान में रखकर कुर्सियां बिछाई गई हैं। इसके अलावा सभी रंगरूट मुंह पर मास्क लगाकर मैदान में उतरेंगे। इनके बीच भी शारीरिक दूरी रहेगी।