जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और जिला समन्वयकों के साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिले में मिशन कायाकल्प, मिशन प्रेरणा, डीबीटी आदि की समीक्षा की। सभी विकास खंड स्तर पर इन योजनाओं के विकास की स्थिति को जाना। इसके अलावा विद्यालयों में किताबों की आपूर्ति की स्थिति के बारे में अधिकारियों से सवाल किए। बीएसए अजीत कुमार का कहना है कि सभी बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स सेंटर) पर अभी 75 हजार किताबें और वर्कबुक हैं, जिनको वितरित किया जाना है। उन्होंने कहा कि जून माह में प्रकाशकों ने इन वर्कबुक की आपूर्ति की थी।
सत्यापन समिति ने इन किताबों का सत्यापन करवाने के बाद बीआरसी पर किताबें और वर्कबुक भेज दी गईं। 19 मई को विद्यालय बंद हो गए थे और तीन जुलाई को स्कूल खुले हैं। किसी भी किताब में दीमक नहीं लगी है। सभी किताबें सुरक्षित हैं। निर्धारित वेंडर को यह किताबें और वर्कबुक एक सप्ताह में स्कूलों तक पहुंचानी हैं। आपूर्ति का प्रमाणपत्र खंड शिक्षा अधिकारी देंगे।