मुरादाबाद। अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का एक जुलाई से संचालन होगा। इससे पूर्व स्कूलों में अंग्रेजी पढ़ाने वाले शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। शिक्षकों को इसके लिए परीक्षा देनी होगी। परीक्षा पास करने पर ही स्कूलों में तैनाती मिलेगी। शिक्षकों का एक ब्लाक से दूसरे ब्लाक में समायोजन नहीं होगा।
शैक्षिक सत्र 2019-2020 के लिए अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का चयन हो चुका है। जिले में 54 नए स्कूल चयनित हैं। अंग्रेजी स्कूलों के लिए बीएसए कार्यालय ने शिक्षकों से आवेदन मांगे थे। करीब छह सौ से अधिक शिक्षकों ने आवेदन किए हैं। शिक्षकों की तैनाती से पहले ही आचार संहिता लागू हो गई, जिससे उनकी तैनाती अभी तक लटकी है। निदेशालय ने अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के लिए गाइड लाइन जारी कर दी है।
ग्रामीण ब्लाक में कार्यरत शिक्षकों की तैनाती ग्रामीण क्षेत्र के अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में ही की जाएगी। पात्रता के लिए इंटरमीडिएट में अंग्रेजी विषय होने की अनिवार्यता होगी। स्कूलों में सहायक अध्यापकों और प्रधानाध्यापकों की तैनाती जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य की अध्यक्षता में चयन बोर्ड करेगा। बोर्ड में बीएसए सचिव होंगे। जबकि राजकीय इंटर कालेज के अंग्रेजी के प्रवक्ता और खंड शिक्षा अधिकारी समेत तीन सदस्य होंगे। चयनित स्कूलों में कक्षा एक से तीन तक अंग्रेजी और कक्षा चार एवं पांच में अंग्रेजी के साथ हिंदी भी पढ़ाई जाएगी। आरटीई मानकों से ही शिक्षकों की तैनाती होगी।
प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापकों की तैनाती के लिए 100 नंबरों की परीक्षा देनी होगी। इसमें 50 अंक लिखित एवं 50 मौखिक परीक्षा के होंगे। प्रत्येक स्कूल में कम से कम पांच शिक्षकों (प्रधानाध्यापक समेत) की तैनाती होगी। चयनित शिक्षकों को श्रेष्ठता क्रम में सूचीबद्ध किया जाएगा और इसी आधार पर तैनाती होगी। चयनित शिक्षकों का डायट में दो चरणों में पांच पांच दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 15 जून तक प्रशिक्षण पूरा होना है।