बिलारी। रविवार को अधिक बारिश होने की वजह से बिलारी विद्युत उपखंड के देहात के कई फीडरों की विद्युत लाइनें पेड़ टूटने और तार टूटने से ब्रेकडाउन का शिकार हो गईं। क्षेत्र के सहसपुर और सफीलपुर बिजलीघर दिन भर ठप रहे।
सहसपुर बिजलीघर को बिलारी नगर के 132 केवी बड़े बिजलीघर से 33 केवी की हाईटेंशन विद्युत लाइन जा रही है। इसी विद्युत लाइन से सफीलपुर बिजलीघर को भी विद्युत आपूर्ति दी जाती है। रविवार की सुबह सफीलपुर गांव के निकट हाईटेंशन लाइन पर विद्युत पोल टूटकर गिर जाने से लाइन ब्रेकडाउन में चली गई और दोनों बिजलीघरों की विद्युत आपूर्ति सुबह से लेकर दोपहर तक ठप रही। सहसपुर बिजलीघर के एसएसओ गौरव कुमार ने बताया कि दोपहर डेढ़ बजे से लेकर शाम छह बजे तक का समय निर्धारित शेडयूल की बिजली कटौती की भेंट चढ़ गया। ऐसी स्थिति में दोनों बिजलीघरों से जुड़े समस्त इलाके में दिन भर विद्युत आपूर्ति ठप रही।
बिलारी देहात बिजलीघर के एसएसओ विनीत कुमार ने बताया कि रविवार की सुबह नॉर्थ ईस्ट फीडर पर शेरपुर गांव के पास और नॉर्थ वैस्ट फीडर पर अभनपुर गांव के पास विद्युत लाइन पर तार टूटकर गिरने से ब्रेकडाउन हो गया और विद्युत आपूर्ति ठप रही। इसी बिजलीघर के ईस्ट फीडर पर दोपहर के समय ब्रेकडाउन हो जाने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। दोपहर से शाम तक का समय निर्धारित शेडयूल द्वारा की जाने वाली कटौती का होने की वजह से देहात इलाके को विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पाई। उधर बिलारी नगर के टाउन एक और टाउन दो फीडर दिन में कई बार ट्रिपिंग और ब्रेकडाउन के शिकार हुए। लाइनों का ब्रेकडाउन दूर करने की प्रक्रिया के दौरान नगर क्षेत्र में कई घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।