पाकबड़ा। बैंक में पहले से बंधक मकान का सौदा कर एक पुजारी से ठगों ने 6.45 लाख ठग लिए। पीड़ित पुजारी ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गुरेठा गांव निवासी गौरव शर्मा पुजारी हैं। उन्होंने एसएसपी कार्यालय में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उन्होंने मझोला के आवास विकास बुद्धि विहार में एक मकान का सौदा 38 लाख रुपये में किया था। उन्होंने 6.85 लाख एडवांस में दे दिए थे लेकिन उन्हें पता चला कि मकान बैंक में बंधक है और उस पर मुकदमा विचाराधीन है। उन्होंने रकम वापस मांगी तो आरोपी धमकी देने लगे।
गौरव ने बताया उन्होंने मामले की शिकायत आईजीआरएस के माध्यम से की थी। मामले की जांच पाकबड़ा थाने पर आई थी। पुजारी ने आरोप लगाया की शिकायत के बाद उन्हें पुलिस ने थाने पर बुलाया और उसका एक फोटो खींच लिया। इसके बाद वह थाने के चक्कर लगाते रहे लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। चार दिन पहले दरोगा ने थाने पर बुलाया व बताया की उसकी शिकायत का निस्तारण कर दिया और वहमामला कोर्ट में ले जाएं। जबकि उनके बयान तक फर्जी तरीके से दर्ज किए गए हैं। संवाद