मुरादाबाद जिला अस्पताल में कोरोना रिपोर्ट कार्ड दिखाते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : CITY
कोविड टीकाकरण के पहले चरण के मुकाबले इस चरण में 38 फीसदी स्वास्थ्यकर्मी टीकाकरण केंद्रों तक नहीं पहुंचे। भले ही ये आंकड़ा पिछले चरण के मुकाबले कम है, लेकिन फिर भी 62 फीसदी स्वास्थ्यकर्मियों ने खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित करने के लिए कोविड वैक्सीन का टीका लगवाया और सुरक्षा की ओर कदम बढ़ाया। टीकाकरण के बाद उन्होंने अपने साथियों को भी इसके लिए जागरूक किया। जिले में कुल 62 फीसदी टीकाकरण हुआ।
शुक्रवार को 16 अस्पतालों में 3277 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाना था। इसके लिए 11 सरकारी और 5 निजी अस्पतालों में टीकाकरण के कुल 33 सत्र लगाए। सुबह नौ बजे से शाम पांच तक चले इस अभियान में 2031 स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। जो लक्ष्य का 62 फीसदी है। 1246 स्वास्थ्य कर्मियों ने टीकाकरण नहीं कराया। 16 जनवरी को हुए 80 फीसदी टीकाकरण की तुलना में इस बार 18 प्रतिशत कम है। जिले में सबसे अधिक ठाकुरद्वारा में 91 फीसदी टीकाकरण हुआ, जबकि सबसे कम ब्राइट स्टार हॉस्पिटल में 35.4 प्रतिशत रहा। पहले और दूसरे चरण के अभियान में अभी तक जिले में 2510 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जा सका है।