मुरादाबाद रेल मंडल में सोमवार को मेगा ब्लाक की वजह से ट्रेनों के पहिये थम गए। जहां-तहां ट्रेनें रुकने से मुसाफिरों को खासी परेशानियां झेलनी पड़ीं। मुरादाबाद से रोजा और मुरादाबाद से गजरौला के बीच बीस जगह रेल पटरियाें पर मरम्मत कार्य किया गया। रेल पटरियां और स्लीपर बदलने का कार्य किया गया। इस दौरान दो दर्जन से ज्यादा ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ।
मुरादाबाद-लखनऊ रेल मार्ग पर मुरादाबाद से रोजा के बीच सोमवार दोपहर एक बजकर पांच मिनट से शाम छह बजकर पांच मिनट रेल पटरियों पर मरम्मत कार्य किया गया। मुरादाबाद से रामपुर, रामपुर से बरेली, बरेली से शाहजहांपुर और शाहजहांपुर से रोजा तक अलग-अलग समय में मरम्मत कार्य चला। इस दौरान सियालदह एक्सप्रेस, अवध असम एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ और श्रमजीवी एक्सप्रेस कई घंटे विलंब से पहुंची। गंगा सतलुज एक्सप्रेस नौ घंटे, जन नायक एक्सप्रेस सात घंटे, हिमगिरी एक्सप्रेस सात घंटे, गरीब रथ एक्सप्रेस छह घंटे, जनसेवा साढ़े पांच घंटे, सरयू यमुना एक्सप्रेस पंद्रह घंटे, जन साधारण एक्सप्रेस दो घंटे तीस मिनट देरी से मुरादाबाद आई। मुरादाबाद रेल मंडल में पटरियों बेहद कमजोर हो गई हैं। जिस कारण आये दिन हादसे हो रहे हैं। पिछले तीनों आई सेफ्टी टीम ने मुरादाबाद मंडल में पटरियों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में सामने आया था कि पटरियां कमजोर और ढीली हैं। इन पटरियों को बदला जाए। टीम के लौटने के बाद ही इन पटरियों का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। डीआरएम अजय कुमार सिंघल ने बताया कि मुरादाबाद से रोजा और मुरादाबाद से गजरौला के बीच रेल पटरियां पर कार्य किया गया है। मेगा ब्लाक की वजह से ट्रेनों को रोक रोक कर चलाया गया।