कुंदरकी। शाम को घर से टहलने निकले एक वृद्ध की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं आरोपी चालक के खिलाफ तेजी और लापरवाही से बाइक चलने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
कटघर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-संभल हाईवे से सटे गांगन तिराहे के निकट चामुंडा मंदिर निवासी फूल सिंह (65) मंगलवार की देर शाम सात बजे खाना खाने के बाद अपने घर बाहर को टहलने के लिए निकले थे। जानकारी के अनुसार फूल सिंह जैसे ही मैनाठेर थाना क्षेत्र में सड़क के पास पहुंचे तभी सामने से तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध फूल सिंह के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। घायल वृद्ध को इलाज के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर आईसीयू में रखा गया लेकिन तड़के तीन बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
वृद्ध फूल सिंह की मौत की खबर पर मैनाठेर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और शव को लेकर जरूरी कानूनी कार्रवाई की। वहीं मृतक फूल सिंह के बेटे कमल सिंह ने मैनाठेर कोतवाली में बाइक चालक के खिलाफ तेज रफ्तार, लापरवाही से बाइक चलाने और उनके पिता को टक्कर मारने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। मैनाठेर कोतवाल अजय पाल सिंह का कहना कि मुकदमे की विवेचना की जा रही है।