नागरिकों से स्वच्छ भारत अभियान में सहयोग का आहवान
बिलारी। नगर के मोहल्ला हर्षनगर, ठाकुरान, अंसारियान और बाजार आदि में नगरपालिका की ओर से आयोजित स्वच्छता गोष्ठियों में स्वच्छ भारत मिशन अभियान शहरी में पूर्ण सहयोग करने का आह्वान किया गया। नगरपालिका प्रशासन के दावों के मुताबिक बिलारी नगर के सभी 25 वार्ड खुले में शौच मुक्त हो गए हैं और नगरपालिका को ओडीएफ घोषित होने का दर्जा मिलने के लिए प्रदेश शासन को पत्रावली बनाकर भेज दी गई है। अब पालिका प्रशासन द्वारा नगर में वार्ड वार गोष्ठियां आयोजित कर नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम मेें बृहस्पतिवार की सुबह से लेकर दोपहर तक नगर के कई मोहल्लों में स्वच्छ भारत मिशन अभियान शहरी के तहत गोेष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि सभी नागरिकों के घरों में शौचालय बन गए हैं लिहाजा अब कोई भी खुले में शौच करने न जाए। अपने घर और मोहल्ले में सफाई बनाए रखने में सहयोग किया जाए। यदि नगरपालिका के किसी सफाई कर्मी की ओर से कोई शिकायत हो तब तत्काल पालिका प्रशासन को बताया जाए। मोहल्ला हर्षनगर में हुई गोष्ठी में पालिका सभासद राकेश यादव, पालिका के सफाई निरीक्षक पवन कुमार, भाजपा नेता डा. मेघपाल सिंह आदि ने विचार रखे।