ठाकुरद्वारा। डीएम की नाराजगी के बाद बुधवार को नगर पालिका एक्शन में आ गई। नगर पालिका की टीम ने अभियान चलाकर कोतवाली तिराहे पर एसडीएम कोर्ट रोड पर अतिक्रमण कर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर कोतवाली तिराहे को अवैध कब्जा मुक्त कर दिया। शिकायतकर्ता का सामान भी समेटने पर लोगों ने नगर पालिका पर भेदभाव और बदले की कार्रवाई का आरोप लगाते हुए हंगामा कर इसका विरोध किया। कोतवाली तिराहे पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लाखों की सरकारी भूमि पर खोके और ठेले खड़े कर लिए थे। जिसकी बार बार शिकायत के बाद भी नगर पालिका अवैध कब्जा नहीं हटा रही थी। जिस पर इसकी शिकायत मंगलवार को डीएम के समक्ष की गई। शिकायत के साथ नगर पालिका द्वारा फर्जी कब्जा हटाने की जानकारी भी दी गई थी। इस पर डीएम राकेश कुमार सिंह ने अधिशासी अधिकारी पुनीत कुमार को तलब कर अवैध कब्जा हटाने की फर्जी रिपोर्ट देने पर सख्त नाराजगी जताई। जिस पर बुधवार को अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर पालिका कर्मचारियों की टीम ने कोतवाली तिराहे पर अवैध रूप से रखे ठेलों को कब्जे में ले लिया। वहां रखा सभी सामान उठाकर ले गए। अतिक्रमण हटाने वाली टीम ने राजकुमार, राकेश हमराही, देवेंद्र सिंह आदि शामिल थे।