बिलारी। बिलारी तहसील का एक बकाएदार बुधवार की दोपहर स्थानीय कोतवाली में शौच करते समय होमगार्ड को चकमा देकर भाग गया। बकाएदार के खिलाफ थाना सिविल लाइंस में धोखाधड़ी और गबन का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने भागे बकाएदार की तलाश में दो टीमें लगाई हैं।
बिलारी के मोहल्ला ऋषिपुरम निवासी सोनू गिरी के खिलाफ महानगर मुरादाबाद के थाना सिविल लाइंस में सरकारी धन का गबन करने और धोखाधड़ी तथा जालसाजी की धाराआें में मुकदमा दर्ज है। जिला प्रशासन के आदेश पर सोनू गिरी के खिलाफ लगभग चार लाख रुपये की सरकारी धनराशि की बकाया अदा न करने पर आरसी भी जारी हो चुकी है। मंगलवार की सुबह बिलारी तहसील के संग्रह अनुभाग की टीम ने बकाएदार सोनू गिरी को पकड़ लिया और तहसील अधिकारियों के सामने पेश किया। तहसीलदार ने बकाएदार सोनू को थाना सिविल लाइंस पुलिस का वांछित होना मानते हुए बिलारी पुलिस के हवाले कर दिया। बिलारी पुलिस ने सोनू को कार्यालय में ही बैैठा लिया।
पता चला है कि सोनू ने दोपहर को लगभग 12 बजे शौच को जाने की इच्छा जाहिर की। हैड मोहर्रिर सियो प्रसाद के निर्देशन में दो होमगार्ड जगत सिंह और दरियाव सिंह सोनू को कोतवाली के गेट के निकट बने शौचालय में ले गए। सोनू जैसे ही शौच के बाद बाहर आया तभी होमगार्ड को चकमा देकर शौचालय के पीछे होकर हाईवे पर जाकर भाग गया। दोनों होमगार्ड यह समझते रहे कि शायद पुन: सोनू शौचालय में घुस गया है। बाद में जब पता चला कि सोनू गायब हो गया तब होमगार्डों ने कोतवाली कार्यालय आकर घटनाक्रम बताया। कोतवाली प्रभारी कमरूल हसन खां ने आरोपी को पकड़वाने के लिए दो टीमें लगा दीं लेकिन शाम तक बकाएदार हाथ नहीं आ सका था।