ठाकुरद्वारा-संभल में बनेगा ब्लड स्टोरेज सेंटर
- जिला अस्पताल के ब्लड बैंक से भेजा जाएगा टेस्टेड ब्लड
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
ठाकुरद्वारा और संभल में मरीजों को खून के लिए अब मुरादाबाद की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को वहीं खून मिल जाएगा। ठाकुरद्वारा और संभल में सरकारी ब्लड स्टोरेज सेंटर बनाया जाएगा। जहां ब्लड ग्रुप का पता लगाकर मरीजों को खून चढ़ाया जाएगा। अभी तक यहां सरकारी ब्लड बैंक का इंतजाम नहीं है।
वैसे तो शहर में कई प्राइवेट ब्लड बैंक हैं, लेकिन सरकारी ब्लड बैंक सिर्फ एक है। जहां जिले भर के मरीजों को खून मिलता है। संभल में भी सरकारी ब्लड बैंक नहीं है। मरीजों की सुविधा के लिए ठाकुरद्वारा सीएचसी और संभल के सरकारी अस्पताल में ब्लड स्टोरेज सेंटर खोला जाएगा। जहां मुरादाबाद जिला अस्पताल से टेस्ट के बाद अलग-अलग ग्रुप का ब्लड भेजा जाएगा। ब्लड स्टोरेज सेंटर पर एलटी की तैनाती होगी जो मरीज का ब्लड ग्रुप का पता लगाकर खून चढ़ा देंगे। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डा. राजेंद्र सैनी ने बताया कि ठाकुरद्वारा और संभल में ब्लड स्टोरेज सेंटर खोला जाएगा। इससे मरीजों का सहूलियत होगी।