मुरादाबाद। जिले में 55 केंद्रों पर पहले दिन दोनों पालियों में 59.55 फीसदी परीक्षार्थी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में बैठे। परीक्षा के बाद ज्यादातर परीक्षार्थियों ने हिंदी और गणित के सवालों को आसान बताया। वहीं डीआईओएस का कहना है कि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से हुई। नकलविहीन परीक्षा करवाने के लिए आयोग की तरफ से सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सुबह छह बजे से ही परीक्षार्थी पहुंचने लगे थे। पहली पाली की परीक्षा सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक 55 केंद्रों पर आयोजित की गई। मुरादाबाद में दोनों पालियों में 54624 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, उसमें से 32534 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 19090 परीक्षार्थी अनपुस्थित रहे। पहली पाली में 17491 उपस्थित थे और 9821 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में 18043 परीक्षार्थी परीक्षा देने आए, जबकि 9269 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरुण कुमार दुबे ने कहा कि रविवार को भी 55 केंद्रों पर दोनों पालियों में 54624 परीक्षार्थियों की परीक्षा है। आयोग द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर परीक्षा के बाद आयोग को भेज दी जाएगी।