नगर निगम के तीन कर्मचारी समेत कोरोना के 54 नए मरीज
रैपिड एंटीजन टेस्टिंग में 36 और आरटीपीसीआर लैब से 12 संक्रमित मिले
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या हर दिन बढ़ रही है। शनिवार को नगर निगम के तीन कर्मचारी समेत 54 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2395 पहुंच गई है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि शनिवार को आठ ब्लाक और शहर में सात जोन में 1471 लोगों के रैपिड एंटीजन टेस्ट कराए गए। इनमें 36 पॉजिटिव और 1435 निगेटिव आए हैं। सबसे अधिक सात मरीज हरथला से मिले हैं। यहां 117 लोगों के सैंपल कराए गए। ताजपुर से छह, किसरौल से पांच पॉजिटिव आए हैं। टाउन हॉल और मझोला से चार-चार संक्रमित मिले हैं। ठाकुरद्वारा और मूंढापांडे से दो-दो, डिलारी, भोजपुर, कुंदरकी ब्लाक से एक-एक मरीज मिला है। संक्रमितों में नगर निगम के कंप्यूटर आपरेटर समेत तीन कर्मचारी भी हैं। सीएमओ के मुताबिक आरटीपीसीआर जीआईएमएस लैब ग्रेटर नोएडा से 543 सैंपल की रिपोर्ट जारी हुई है। इनमें 12 पॉजिटिव और 444 निगेटिव हैं। 78 सैंपल प्रतीक्षारत हैं। वहीं दयानंद डिग्री कॉलेज की एक शिक्षिका और चार स्टाफ कर्मचारी भी पॉजिटिव आए हैं।
होम आइसोलेट का विकल्प चुन रहे अधिकतर मरीज
मुरादाबाद। कोरोना संक्रमित मरीज अस्पताल में भर्ती होने के बजाए होम आइसोलेशन का विकल्प चुन रहे हैं। इससे होम आइसोलेट मरीजों की संख्या अस्पतालों में भर्ती की तुलना में कहीं अधिक हो गई है। एमसीएच विंग कोविड अस्पताल लेवल टू में 42, कोविड केयर विवेकानंद नर्सिंग कालेज में 68, कोविड लेवल थ्री टीएमयू में 98, कोविड केयर सेंटर पीटीसी में 53, कोविड लेवल वन रेलवे अस्पताल में 43 मरीज हैं। जबकि होम आइसोलेट मरीजों की संख्या 350 हो गई है।
कोरोना मीटर
---------------
- आज के मरीज 54
- अब तक मरीज 2395
- आज की मौत 0
- अब तक मौत 64
- अब तक स्वस्थ्य हुए 1624
- एक्टिव मरीज 685