मुरादाबाद। रजिस्ट्री दफ्तर शिफ्टिंग को लेकर अधिवक्ताओं ने गुरुवार को भी हड़ताल जारी रखी। जिससे न्यायिक कार्य भी बाधित हुआ। इसके अलावा अधिवक्ताओं ने बार सभागार में बैठक कर रणनीति बनाई। जिसमें तय हुआ है कि कचहरी से बाहर रजिस्ट्री दफ्तर मंजूर नहीं किया जाएगा। रजिस्ट्री कार्यालय को कचहरी में ही स्थापित होने तक आंदोलन जारी रहेगा। बार अध्यक्ष विनय कुमार कौशिक और महासचिव अभिषेक भटनागर ने बताया कि पंद्रह मार्च को भी कचहरी में हड़ताल रहेगी। टाईपिस्ट कार्य, स्टांप बिक्री, फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। शुक्रवार को मंडल आयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि कचहरी में कई भवन हैं। जिसमें रजिस्ट्री दफ्तर स्थापित किया जा सकता है, लेकिन प्रशासन अधिवक्ता और लोगों को परेशान करना चाहता है। इसलिए दफ्तर को दिल्ली रोड पर दूर भेजा जा रहा है। गुरुवार को एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त भी अधिवक्ताओं से मिलने कचहरी में पहुंचे। उन्होंने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि वह जिला प्रशासन से इस बारे में वार्ता कर रजिस्ट्री दफ्तर शिफ्टिंग को लेकर चल रहे विवाद को निपटाने का प्रयास करेंगे। बैठक में अंजार हुसैन, मुकेश भारद्वाज, राकेश चौहान, दानवीर सिंह, वैभव अग्रवाल, कपिल गुप्ता, नीरज त्यागी, सलीम अहमद, सुभाष चंद्र पाल, महेश दत्त शर्मा, नितिन शर्मा, पुनीत चौहान, कपिल चौधरी, मनोज कुमार गुप्ता आदि रहे।