मुरादाबाद। रजिस्ट्री दफ्तर की शिफ्टिंग को लेकर पिछले करीब एक महीने से वकीलों और प्रशासन के बीच चला आ रहा विवाद जल्द सुलझ सकता है। पब्लिक की सहूलियत के मद्देनजर जिला प्रशासन ने रजिस्ट्री दफ्तर को अब नया मुरादाबाद के स्थान पर रामगंगा विहार में स्थित एमडीए बिल्डिंग में शिफ्ट करने का फैसला किया है। जिलाधिकारी के प्रस्ताव पर जिला जज ने भी सहमति जताते हुए इसे पहले से अधिक उपयुक्त स्थान बताया है। पहले रजिस्ट्री दफ्तर को नया मुरादाबाद स्थित एमडीए के दफ्तर में शिफ्ट किया जा रहा था। अधिवक्ता इसके विरोध में हड़ताल पर हैं।
रजिस्ट्री दफ्तर कचहरी परिसर में बेहद तंग बिल्डिंग में संचालित हो रहा था। यहां पार्किंग और लोगों के बैठने तक की व्यवस्था नहीं थी। नई कोर्ट आने के बाद पूर्व जिला जज ने 2016 में कचहरी की बिल्डिंग खाली कर रजिस्ट्री दफ्तर को कहीं दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने के आदेश जिलाधिकारी को दिए थे। इसी के अनुपालन में शासन से अनुमति लेकर करीब एक माह पहले प्रशासन ने रजिस्ट्री दफ्तर को नया मुरादाबाद स्थित एमडीए दफ्तर में शिफ्ट किया था। लेकिन तभी से वकीलों ने रजिस्ट्री दफ्तर में काम नहीं होने दिया है। वकीलों की मांग है कि रजिस्ट्री दफ्तर को वापस कचहरी परिसर में पुरानी बिल्डिंग में लाया जाए। जिस बिल्डिंग में पहले रजिस्ट्री आफिस था वह न्यायालय की बिल्डिंग है। इसलिए जिलाधिकारी ने वकीलों के आंदोलन के बाद जिला जज को पत्र लिखा था। जिला जज ने हाईकोर्ट से दिशा निर्देश मांगे। हाईकोर्ट ने जिला जज को निर्देश दिया था कि वह जिलाधिकारी और रजिस्ट्री विभाग के अफसरों की मौजूदगी में बार पदाधिकारियाें से वार्ता कर समस्या के निस्तारण के लिए अपने स्तर से निर्णय लें।
इस बैठक में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने नया मुरादाबाद के स्थान पर रामगंगा विहार में वाणिज्यकर दफ्तर के पास स्थित एमडीए की बिल्डिंग में रजिस्ट्री दफ्तर शिफ्ट करने का प्रस्ताव दिया है। इसके पास में ही दो बैंक, पुलिस चौकी और थोड़ी दूरी पर तहसील है। पार्किँग की भी पर्याप्त व्यवस्था और शहर के सभी हिस्सों से यहां कनेक्टिविटी भी बेहतर है। अधिवक्ता कलक्ट्रेट में ही रजिस्ट्री दफ्तर चाहते हैं। डीएम ने साफ किया है कि कलक्ट्रेट पहले से ही तंग हो चुका है। जिला जज ने भी रामगंगा विहार एमडीए बिल्डिंग को अच्छा प्रस्ताव माना है।
कचहरी की भीड़भाड़ से मिलेगी मुक्ति
मुरादाबाद। रामगंगा विहार में रजिस्ट्री दफ्तर शिफ्ट होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक कचहरी में जहां रजिस्ट्री दफ्तर था वह बहुत भीड़भाड़ वाली जगह है। रजिस्ट्री कराने आने वाले लोगों के लिए वाहन पार्क करने या अपनी बारी का इंतजार करने के लिए बैठने की व्यवस्था नहीं थी। रामगंगा विहार में प्रस्तावित नई एमडीए बिल्डिंग में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था है।