यात्री ट्रेनों से नीलगाय समेत पशुओं के टकराना रेलवे के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। मंगलवार को लखनऊ और अलीगढ़ रूट पर तीन जगह पर ट्रेनों से पशुओं के टकराने से आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित हो गई। मुजफ्फरपुर-देहरादून एक्सप्रेस से पशु टकराने की वजह से इंजन में ही खराबी आ गई। लोको मंगवाने के बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए भेजा जा सका। इसकी वजह से हमसफर एक्सप्रेस, गरीबरथ, अवध असम एक्सप्रेस, प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस इन हादसों की वजह से प्रभावित होकर ढाई से आधे घंटे तक देरी से चलाई गईं।
दलेलनगर से बालामऊ के बीच अप लाइन पर गुजरने के दौरान मुजफ्फरपुर-देहरादून एक्सप्रेस के लोको पायलट ने सुबह सात बजे कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि इंजन से पशु टकराया है। इंजन में आई तकनीकी खराबी के बाद नये इंजन को लगाकर 9:23 बजे ट्रेन को रवाना किया जा सका। इस हादसे की वजह से सियालदाह से जम्मूतवी के बीच चलने वाली हमसफर एक्सप्रेस 50 मिनट, अमृतसर रूट की गरीबरथ 40 मिनट, अवध असम एक्सप्रेस 35 मिनट और प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस 15 मिनट ट्रैक पर ही खड़ी रखनी पड़ी।
दूसरा हादसा बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर से डडिवाई स्टेशन के पास मंगलवार सुबह 9:45 बजे हुआ। तत्काल इंजीनियरिंग स्टाफ को भेजा गया। लोको में खराबी नहीं मिली। 10.10 बजे तक ट्रैक से पशु को हटाकर ट्रेन को रवाना किया जा सका। तीसरा हादसा टिसुआ से पीताम्बरपुर के बीच मंगलवार सुबह 10.55 बजे अप लाइन की गरीबरथ के लोको पायलट ने इंजन से पशु टकराने की सूचना दी गई। हादसे के बाद तकनीकी टीम ने इंजन जांचकर अधिकारियों को सूचित किया।