ठाकुरद्वारा। तेंदुए का शावक गांव नाहरवाला में मिलने के बाद लोगों में दहशत है। मादा तेंदुआ अपने शावक की तलाश में गांव के पास पहुंची। लेकिन ग्रामीणों के आ जाने पर वह वहां से चली गई। मादा तेंदुए के आने से गांव में दहशत फैल गई। शुक्रवार को गांव के लोगों ने मादा तेंदुआ और उसके शावकों को गन्ने के खेत में घेर लिया था। एक शावक को गांव के युवकों ने साहस दिखाकर पकड़ लिया। जबकि मादा तेंदुआ अपने दूसरे शावक के साथ भागने में कामयाब रही। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार को देर शाम आठ बजे मादा तेंदुआ घटना स्थल के आसपास घूमती हुई दिखाई दी। उधर से गुजर रहे गांव खाईखेड़ा के लोगों ने इसकी सूचना नाहरवाला के लोगों को फोन पर दी तभी लोग लाठी डंडे लेकर वहां आ गए। उन्होंने इसके बारे में पिंजरे में बकरी बांध रहे वन विभाग के कर्मचारियों को भी अवगत कराया। लेकिन मादा तेंदुआ ग्रामीणों को देखकर वहां से भाग गई। गन्ने के खेत में जाकर गायब हो गई। वन विभाग के रेंजर दिनेश कुमार ने बताया कि सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। लेकिन वहां पर मादा तेंदुआ तलाश करने के बाद भी नहीं मिली। उन्होंने बताया कि कानपुर चिड़ियाघर में वहां जानवरों की संख्या पर्याप्त होने के कारण शावक को लेने से मना कर दिया। इस कारण अब शावक को लखनऊ के चिड़ियाघर में भेजा गया है। गांव नाहरवाला में लगा वन विभाग का पिंजरा दूसरे दिन भी खाली रहा। ग्रामीणों ने मादा तेंदुआ और उसके दूसरे शावक को पकड़ने की मांग वन विभाग से की है।
फोटो
दो दर्जन गांवों में है तेंदुए का आतंक
ठाकुरद्वारा। क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों में तेंदुए का आतंक है। तेंदुए के आतंक के चलते इन गांव के लोगों का खेती का काम भी बाधित हो रहा है। शाम होते ही ग्रामीण तेंदुए के खौफ के चलते घरों में कैद हो जाते हैं। क्षेत्र के गांव शेरपुर बहलीन, नया गांव बहादुनगर, पांडला, मधुपुरी, अब्दुल्लापुर लेदा, खाईखेड़ा नाहरवाला, बंदेवाली मडैया, लालापुर पीपलसाना, मुंडिया खेड़ा, कालेवाला, जवाहर नवोदय विद्यालय, सरकड़ा परम, रतूपुरा, गोपीवाला, माधोवाला, दूल्हापुर, पानूवाला, राजूपुर कला, आलमगीरपुर, खैरुल्लापुर, नारायनपुर ताराबाद आदि गांवों में तेंदुए की दहशत है। इन गांवों में आए दिन तेंदुए की गतिविधियां होती रहती हैं। लेकिन वन विभाग इन गतिविधियों को अफवाह बताकर खारिज कर देता है। तेंदुओं के हमलों में अब तक करीब तीन बच्चों की मौत हो चुकी है। एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं।