शासन के आदेश पर मुरादाबाद जिले में भी बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में तैनात सहायक शिक्षकों की फर्जी नियुक्त की जांच शुरू हो गई है। इससे शिक्षकों में खलबली मची है। मुरादाबाद जिले में पूर्व में एसडीएम की जांच रिपोर्ट में 41 फर्जी शिक्षक चिह्नित किए जा चुके हैं। अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी अब चिह्नित शिक्षकों के अलावा 2010 के बाद तैनात सभी सहायक शिक्षकों की जांच करेगी।
मुरादाबाद समेत प्रदेश के आठ जिलों में बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में शिक्षकों की फर्जी नियुक्ति के मामले प्रकाश में आए। 20 जुलाई को अपर मुख्य सचिव डा. प्रभात कुमार ने मुरादाबाद समेत सभी आठ जिलों में तैनात सहायक अध्यापकों की जांच कराने के आदेश जारी किए थे। जिसमें अपर मुख्य सचिव ने अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी बनाकर 2010 के बाद तैनात सहायक शिक्षकों को जांच में दायरे में लाने के निर्देश दिए हैं।
मुरादाबाद में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी में अपर पुलिस अधीक्षक और सहायक मंडलीय शिक्षा निदेशक शामिल हैं। कमेटी ने शुक्रवार से जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के मुताबिक पूर्व में एसडीएम ने फर्जी शिक्षकों की जांच की थी। जांच में 41 शिक्षकों की फर्जी नियुक्ति का मामला प्रकाश में आया था। अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित टीमें पहले चरण में 41 शिक्षकों के दस्तावेजों की गहनता से जांच करेगी। इनके अलावा अन्य सहायक शिक्षकों की भी जांच की जाएगी। जांच बिंदु शासन से जारी हुए हैं। जांच जल्द पूरी करने के बाद रिपोर्ट जल्द ही शासन को भेज दी जाएगी।