कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ में हुई अंतर्राज्यीय बैठक के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की योजना तैयार कर ली है। इस बार कावंड़ियों के जत्थे के साथ सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल भी मौजूद रहेगा जो कि उन्हें दूसरे जिलों की सीमा तक सुरक्षित छोड़कर आएगा ।
एसएसपी जे रविंद्र गौड ने बताया कि सोमवार की रात कांवड़ यात्रा को लेकर जनपद स्तर पर एक बैठक की जाएगी। जिसमें पुलिस कर्मियों को उनकी ड्यूटी और कांवड़ियों की सुरक्षा की योजना के बारे में जानकारी दी जाएगी। कांवड़ यात्रा में इस बार डायल 100 की पीआरवी, लैपर्ड, क्यूआरटी की टीमें भी लगाई जाएंगी। सीओ स्तर के अधिकारी कांवड़ मार्ग पर लगातार गश्त करेंगे। एसपी देहात, एसपी सिटी और एसपी यातायात शांति व्यवस्था बनाए रखने कोे ्लिए हर छोटी से छोटी सूचना पर नजर रखेंगे।
250 डिजिटल वालंटियर्स अफवाह रोकेंगे
मुरादाबाद। अफवाहों पर रोक लगाने के लिए डीजीपी ने सभी थानों में 250 डिजिटल वॉलंटियर्स बनाने के निर्देश दिए हैं। व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर इन वॉलंटियर्स को एसएचओ जोडे़ंगे। जिससे कि हर छोटी से छोटी सूचना के बारे में जानकारी हो सके और अफवाह फैलाने वालों का पता चल सके। एसएसपी के निर्देश पर सभी थानों के एसएचओ अपने अपने क्षेत्र में 250 संभ्रांत लोगों की सूची तैयार कर रहे हैं। जो अलग अलग समुदाय के होंगे और उनकी मदद से पुलिस कांवड़ यात्रा को शांति पूर्वक संपन्न कराएगी।
पांच साल की घटनाओं का जुटाया ब्योरा
मुरादाबाद। कांवड़ यात्रा के दौरान पिछले पांच साल में हुई घटनाआें का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस पिकेट लगाई जाएगी, क्यूआरटी की टीमें तैनात रहेंगी। बीट सिपाही इलाके के संभ्रांत लोगों के संपर्क में रहेगा, जिससे की हर सूचना की जानकारी अधिकारियों को मिले।
हेलीकाप्टर, ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी,
मुरादाबाद। एसएसपी ने बताया कि शासन ने हेलीकाप्टर से निगरानी के बारे में भी कहा है। मेरठ रेंज में कांवड़ियों की संख्या ज्यादा होने के कारण हेलीकाप्टर से निगरानी की जाएगी। मुरादाबाद में भी हेलीकॉप्टर निगरानी के लिए भेजा जाए। स्थानीय स्तर पर ड्रोन कैमरे के जरिए कांवड़ यात्रा की निगरानी होगी। जिससे कि कांवड़ मार्ग के आसपास के इलाकों पर नजर रखी जा सकेगी।
सीसीटीवी कैमरे की जद में होगा कांवड़ मार्ग
मुरादाबाद। कांवड़ मार्ग को भी पुलिस ने पूरी तरह से सीसीटीवी की जद में रखने की योजना तैयार की है। स्थानीय लोगों की मदद से सीसीटीवी कैमरों के इंतजाम किए जाएंगे, जिससे कि एनएच-24 और कांठ रोड पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हो। पंडालों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
कांवड़ मार्ग पर गड्ढे, सीवर लाइन भी खुदी हुै
मुरादाबाद। कांवड़ यात्रा को शुरू होने में चंद रोज ही बचे हैं। इसके बावजूद अब तक कांवड़ मार्ग पर गड्ढों को भरा नहीं गया है। कांठ रोड और एनएच-24 पर गड्ढे हैं। स्टेशन रोड पर सीवर लाइन भी खुदी हुई है, वहां से कांवड़ियों को गुजरना है। जिलाधिकारी मंगलवार इस बारे में बैठक करेंगे। डायवर्जन को लेकर भी पुलिस योजना तैयार कर रही है।