- परिवार वालों ने बताया कि बेटे को नशा करने से रोकना गुनाह नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। डायल 100 पर कॉल और फेसबुक पर स्टेटस अपडेट कर परिवार वालों को सुसाइड के लिए जिम्मेदार ठहराकर जान देने वाले शुभम विश्नोई के शव का पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का का कारण ड्रग्स की ओवरडोज आना बताया गया है, हालांकि जांच के लिए विसरा भी प्रिजर्व किया गया है। उधर, पुलिस ने इस मामले में शुभम के परिजनों के खिलाफ उसे सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
उधर, शुभम के पिता सुनील विश्नोई ने बताया कि बेटे की मौत में उनका कोई अपराध नहीं है। बेटा नशा करता था, उसे नशा करने से वह लोग रोकते थे। कोई मां, बाप यह नहीं चाहेगा कि उसका बेटा नशा करे। पहले भी तीन बार शुभम ने सुसाइड की कोशिश की थी। उस वक्त समय पर जानकारी हुई तो उसे परिजन अस्पताल ले गए, जिस वजह से उसकी जान बच सकी थी। परिजनों का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि पुलिस की जांच में वह बेकुसूर साबित होंगे।
एसपी सिटी आशीष श्रीवास्तव ने बताय कि शुभम ने कॉल और फेसबुक पर स्टेटस अपडेट कर परिजनाें पर सुसाइड के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था, इस संबंध में शुभम के परिजनों पर मंडी समिति चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र सिंह सोलंकी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस संबंध में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
ड्रग्स की वजह से तबाह हो रहा स्टूडेंट्स का कैरियर
मुरादाबाद। नशीले पदार्थों के बाद अब ड्रग्स माफिया ने शहर में अपने पैर जमाने शुरू कर दिए हैं। खुलेआम स्टूडेंट्स को ड्रग्स बेची जा रही है, जिसका सेवन कर वह अपना जीवन तबाह कर रहे हैं। ड्रग्स की लत को पूरा करने के लिए छात्र जरायम की दुनिया में भी कदम रख रहे हैं। हाल ही में ऐसे दो गैंग का खुलासा मझोला पुलिस ने किया था।
नशे की लत और पैसों की तंगी के कारण स्टूडेंट वाहन चोरी और लूट की वारदात में शामिल होने लगे हैं। इस वजह से शहर में नए गैंग बन रहे हैं। पेशेवर अपराधी न होने के कारण ऐसे लोगों को ट्रेस करने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ती है। पाकबड़ा जीरो प्वाइंट पर हुई ऊधमसिंह नगर के फर्नीचर कारोबारी तरुण बंसल से कार लूट के मामले में भी तीन स्टूडेंट पकडे़ गए हैं। वह नशा और मौज मस्ती के लिए लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल चुके हैं। इससे पहले मझोला पुलिस ने चार वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से चोरी की बाइकें बरामद हुई। पकडे़ गए आरोपियों में बीएससी का स्टूडेंट भी शामिल था, जिसने नशे की लत की वजह से वाहन चोरी करना कबूला था।
नशीले पदार्थ बेचने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कई लोगों को पकड़ा गया है। नशे की लत को पूरा करने के लिए स्टूडेंट्स के द्वारा नशीली दवाइयों का सेवन करने की शिकायत मिली है। स्टूडेंट्स को नशीली दवाइयां बेचने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को चिंह्ति कर जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। - मनोज तिवारी, एसएसपी